HomeNEWSगुणता आश्वासन नियंत्रणालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ हिंदी पखवाड़ा

गुणता आश्वासन नियंत्रणालय में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ हिंदी पखवाड़ा

हिंदी के प्रयोग और प्रोत्साहन को लेकर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। गुणता आश्वासन नियंत्रणालय में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 से 31 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। पखवाड़े के दौरान कार्यालय में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न आकर्षक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हिंदी पखवाड़े के समापन समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं नियंत्रक के. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। इस अवसर पर नियंत्रक श्री के. यादव के साथ अपर नियंत्रक आर. के. बरूआ, उप नियंत्रक डॉ. शोभा मिश्रा तथा राजभाषा अधिकारी ब्रजेश द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समापन समारोह के दौरान कार्यालय के कार्मिकों एवं उनके परिजनों द्वारा विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। मान्यता चक्रवर्ती, अवनि मिश्रा और टिंकल मिश्रा की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए हिंदी के प्रयोग को दैनिक कार्यों में और अधिक बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिता आर्या, स्मिता श्रीवास्तव और प्रतिभा यादव का सक्रिय सहयोग रहा। उनके सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

समारोह के अंत में उपस्थित आगंतुकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और हिंदी के प्रति सहभागियों में सकारात्मक भाव देखने को मिला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments