HomeNEWS‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च में कांग्रेस और INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, चुनाव...

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च में कांग्रेस और INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग

काली पट्टी बांधकर निकले कांग्रेसजन, कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन कर फूंका चुनाव आयुक्त का पुतला

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। एआईसीसी एवं पीसीसी के निर्देशों और कांग्रेस तथा INDIA गठबंधन के संयुक्त निर्णय के तहत कानपुर महानगर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकाला। अम्बेडकर प्रतिमा, फूलबाग से जिलाधिकारी कार्यालय, कानपुर कचहरी तक निकाले गए इस मार्च में कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

मार्च का नेतृत्व एवं संयोजन कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष और INDIA गठबंधन के कानपुर संयोजक पवन गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान नानाराव पार्क के गेट को लेकर विवाद की स्थिति बनी। आयोजकों के मुताबिक, काफी देर तक चले घटनाक्रम और पवन गुप्ता के विरोध के बाद पार्क का गेट खुला, जिसके बाद कार्यकर्ता वहां एकत्र हुए। मार्च की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदान की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित बदसलूकी की भी निंदा की गई।

मार्च के बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना दिया और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें पद से बर्खास्त करने तथा जेल भेजने की मांग की। इस दौरान चुनाव आयुक्त का पुतला भी दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता की रक्षा का संकल्प दोहराया।

कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में सच्चाई सामने आ चुकी है और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पवन गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments