HomeNEWSशारदीय नवरात्रि और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, ADG अनुपम कुलश्रेष्ठ ने...

शारदीय नवरात्रि और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, ADG अनुपम कुलश्रेष्ठ ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों को दिए निर्देश, दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सोशल मीडिया निगरानी पर जोर

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। आगामी शारदीय नवरात्रि और विजयदशमी (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा गोष्ठी के दौरान ADG ने सभी जनपदों में पर्वों से संबंधित आवश्यक पुलिस प्रबंध समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों और पूजा स्थलों का पहले से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने पर जोर दिया।

दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश और निकास मार्ग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पूजा आयोजकों और संबंधित समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित मानकों का पालन कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

ADG अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, नियमित गश्त एवं फुट पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और अराजक व असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। आवश्यकता के अनुसार ऐसे तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और आपत्तिजनक सूचनाओं की लगातार निगरानी करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी अफवाह या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बना रहे।

विजयदशमी पर्व को लेकर रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समयबद्ध समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे पर्वों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ADG ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। समीक्षा गोष्ठी में पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी आकाश कुलहरि तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर यमुना प्रसाद भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments