
जाजमऊ गंगा पुल से नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय तक कई स्थानों पर हुआ अभिनंदन, अनस उस्मानी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
- मनीष कुमार
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनस उस्मानी के कानपुर में प्रथम आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। जाजमऊ गंगा पुल से लेकर उनके आवास तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
जाजमऊ गंगा पुल पर स्वागत के बाद नई चुंगी, गल्ला गोदाम, पंडित उपवन के सामने, नया गंज मेट्रो, फूलबाग चौराहा और नवीन मार्केट चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इसके बाद नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और अभिनव दीक्षित सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर अनस साजिद उस्मानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने मुसलमानों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुस्लिम समाज के लोग वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करेंगे।

नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इसके बाद अनस उस्मानी ने गुमटी गुरुद्वारे में पहुंचकर दर्शन किए। उनके आवास पर आयोजित कार्यक्रम के साथ स्वागत दौरे का समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सलीम अहमद, कृष्ण दीक्षित, सिमरनजीत सिंह, परमजीत सिंह चंदौख, नाज़िया असद नवाज़, अमरजीत सिंह पम्मी, जावेद, माशूक खान और विपुल जैन सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।


