नेताजी मुलायम सिंह यादव और डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, संतोष तिवारी ने किया आयोजन
- अभिषेक कुमार
कुशीनगर। फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के पिपरा जाटामपुर में संतोष तिवारी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हजारों महिला और पुरुषों को कंबल, साड़ी, आंखों के चश्मे और दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की पुण्यतिथि और समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम में बदायूं के सांसद आदित्य यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उनके हाथों वितरण अभियान का शुभारंभ कराया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव चौधरी राम प्रकाश यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और जरूरतमंदों को सहायता सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा कि नेताजी का सपना था कि गांवों, गरीबों और झोपड़ियों तक खुशहाली पहुंचे। किसान, नौजवान और बुनकर सहित समाज के सभी वर्ग सुखी और समृद्ध रहें। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों और सिद्धांतों के रास्ते पर चलते हुए समाजवादी पार्टी को आगे बढ़ाया।
आदित्य यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित हैं।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को कंबल, साड़ी, आंखों के चश्मे और दवाएं वितरित की गईं। आयोजकों ने इसे समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता और समाजवादी विचारधारा से जुड़े महापुरुषों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर बताया।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम अवध यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विजय यादव, राधेश्याम सिंह, प्रदेश सचिव राजेश प्रताप राव, चौधरी राम प्रकाश यादव और अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


