
‘नौ देवी, नौ दिन, नौ भंडारे’ सेवा महोत्सव के पांचवें दिन जूही स्थित बिगड़ेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और जनसेवा का संदेश दिया जा रहा है। पंडित राम गणेश त्रिवेदी सेवा समिति के तत्वावधान में विधायक महेश त्रिवेदी द्वारा संचालित ‘नौ देवी, नौ दिन, नौ भंडारे’ सेवा महोत्सव के पांचवें दिन गुरुवार को जूही स्थित हमीरपुर रोड के ऐतिहासिक श्री बिगड़ेश्वर महादेव मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस वर्ष अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक महेश त्रिवेदी ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर मां भगवती और भगवान महादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद नौ कन्याओं का पूजन एवं वंदन कर उनके चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। कन्याओं को प्रसाद भेंट करने के बाद भंडारे की शुरुआत की गई।

दोपहर 12 बजे से शुरू हुए विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि नवरात्र केवल व्रत और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति समर्पण, सेवा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। सेवा और संस्कारों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं और वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में क्षेत्र के समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर पंकज द्विवेदी, दीपू पासवान, प्रकाश वीर आर्य, पार्षद नवीन पंडित, दिव्यांशु बाजपेई, डॉ. समरदीप पांडेय, देवेंद्र सब्बरवाल, शम्मी भल्ला, हरप्रीत सिंह स्वीटी, मनीष गंगवानी, राजेंद्र शुक्ला और पप्पन मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
‘नौ देवी, नौ दिन, नौ भंडारे’ सेवा महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई।


