HomeNEWS50 वर्षों से घर-घर अखबार पहुंचाने वाले समाचारपत्र वितरकों का सम्मान

50 वर्षों से घर-घर अखबार पहुंचाने वाले समाचारपत्र वितरकों का सम्मान

कानपुर प्रेस क्लब और समाचारपत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा की पहल, गैंजेस क्लब में आयोजित समारोह में उद्योगपति, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और मीडिया जगत की हस्तियां रहीं मौजूद

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। समाचारपत्र वितरण के क्षेत्र में पांच दशक से अपनी सेवाएं दे रहे वितरकों के सम्मान में कानपुर प्रेस क्लब और समाचारपत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा की ओर से गैंजेस क्लब में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिछले 50 वर्षों से घर-घर समाचारपत्र पहुंचाकर लोगों तक खबरें पहुंचाने में योगदान देने वाले वितरकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मीडिया जगत, उद्योग और व्यापार क्षेत्र से जुड़े लोगों ने वितरकों की सेवाओं की सराहना की।

समारोह में उद्योगपति एवं कोपे स्टेट दादानगर के चेयरमैन विजय कपूर, उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुबोध चोपड़ा, अमर उजाला कानपुर के वाइस प्रेसिडेंट गणेश तिवारी तथा अमृत विचार के महाप्रबंधक विनोद सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा हिंदुस्तान और दैनिक जागरण के प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, पत्रकार तथा अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में कानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरस वाजपेई ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने समाचारपत्र वितरकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके हितों से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाचारपत्र वितरक मीडिया व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो प्रतिदिन सुबह लोगों तक समाचारपत्र पहुंचाकर उन्हें देश-दुनिया की घटनाओं से अवगत कराते हैं।

समारोह के दौरान पांच दशकों से समाचारपत्र वितरण का कार्य कर रहे वितरकों की सेवाओं को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि मौसम की चुनौतियों और रोजमर्रा की कठिनाइयों के बावजूद वितरक नियमित रूप से अपने कार्य को अंजाम देते हैं। उनकी मेहनत से समाचारपत्र समय पर पाठकों तक पहुंचते हैं और समाज में सूचना एवं जागरूकता का प्रसार होता है।

समाचारपत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव और संयोजक रमेश वाजपेई ने समारोह में पहुंचे अतिथियों, वितरकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वितरकों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में कानपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, समाचारपत्र विक्रेता संयुक्त मोर्चा के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के माध्यम से समाचारपत्र वितरण के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे लोगों के योगदान को सम्मान देने के साथ उनके हितों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments