लखनऊ में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में हुआ सम्मान समारोह, पूर्व राज्यमंत्री मांगे राम कश्यप के सौजन्य से मेधावियों को मिली सौगात
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 10 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए। पूर्व राज्यमंत्री मांगे राम कश्यप के सौजन्य से आयोजित इस पहल के तहत विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए अखिलेश यादव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें बधाई दी।
अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मेधावियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए और अधिक परिश्रम करना चाहिए तथा सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करनी चाहिए।
कार्यक्रम में आईआईटी दिल्ली की छात्रा पंखुड़ी कश्यप, नीट-एमबीबीएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मनीषा कश्यप और शिवांगी कश्यप को लैपटॉप प्रदान किए गए। इसके अलावा इंटरमीडिएट परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले कामरान आलम, 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले सीमा पाल और 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली बुसरा खान को भी सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में बीटेक के विद्यार्थियों विपुल कुमार और शशिदेवी तथा हाईस्कूल की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आयुश्नी प्रजापति को भी लैपटॉप दिए गए। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना रहा। लैपटॉप मिलने से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने, शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच बनाने और तकनीकी ज्ञान बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। मेधावियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को पहचान देने के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।


