HomeNEWSबाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए समाजवादी पीडीए आरोग्य रथ रवाना, पूजा...

बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए समाजवादी पीडीए आरोग्य रथ रवाना, पूजा शुक्ला ने सरकार पर उठाए सवाल

फैजुल्लाहगंज के दाऊद नगर चौराहे से शुरू हुई पहल, बाढ़ के बाद बीमारियों के खतरे को देखते हुए लोगों को मिलेगी चिकित्सकीय सहायता

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी की प्रभारी एवं उत्तर विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला ने फैजुल्लाहगंज के दाऊद नगर चौराहे से ‘समाजवादी पीडीए आरोग्य रथ’ को रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच जरूरतमंद परिवारों तक चिकित्सकीय सहायता पहुंचाना है।

फैजुल्लाहगंज के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलभराव कम होने के बाद गंदगी, दूषित पानी और संक्रमण के कारण बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पीडीए आरोग्य रथ के माध्यम से चिकित्सकीय सहायता पहुंचाई जाएगी। रथ में उपलब्ध एंबुलेंस सेवा के जरिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचकर योग्य चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।

इस अवसर पर पूजा शुक्ला ने कहा कि फैजुल्लाहगंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों की परेशानियां पानी उतरने के बाद भी खत्म नहीं हुई हैं। अब उनके सामने बीमारियों और संक्रमण का खतरा एक नई चुनौती बनकर खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठा रही है और आम जनता परेशानियों का सामना कर रही है।

पूजा शुक्ला ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि फैजुल्लाहगंज के सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही कीटनाशकों का छिड़काव, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं का वितरण और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे बाढ़ के बाद फैलने वाली संभावित बीमारियों पर रोक लगाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. तौसीफ खान, डॉ. पूजा, महानगर उपाध्यक्ष डॉ. हमजा बिलाल, वीरेंद्र यादव, वैभव त्रिवेदी, अजीत यादव, विशाल, कुतुब आलम, ऋषि यादव, कुलदीप वर्मा, अजय यादव, बब्बलू, आजाद, विनोद कश्यप और अखिलेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments