HomeNEWSकानपुर में ‘उपहार से मुस्कान’ पहल: 500 जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए...

कानपुर में ‘उपहार से मुस्कान’ पहल: 500 जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए गए नए वस्त्र

कानपुर सुपर 100 और उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्युफैक्चरर ट्रेडर्स एसोसिएशन की संयुक्त पहल, समाजसेवियों और उद्यमियों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का लिया संकल्प

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। खुशहाल कानपुर के संकल्प को साकार करने की दिशा में कानपुर सुपर 100 एवं उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्युफैक्चरर ट्रेडर्स एसोसिएशन (UPGMTA) के संयुक्त तत्वावधान में ‘उपहार से मुस्कान’ कार्यक्रम का आयोजन बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में किया गया। इस अवसर पर 500 जरूरतमंद बच्चों को नए वस्त्र उपहार स्वरूप वितरित किए गए। पहल का उद्देश्य त्योहारों की खुशियां जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना और उनके भीतर अपनत्व व सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में प्रांत संघचालक भवानी भीख ने कहा कि उपहार केवल वस्त्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के लिए यह विश्वास और आश्वासन भी है कि पूरा शहर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने सामाजिक सहभागिता को जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

समाजसेवी एवं सीए नीतू सिंह ने कहा कि खुशहाल कानपुर की नींव तभी मजबूत होगी, जब बेटियों सहित सभी बच्चों के चेहरों पर मुस्कान होगी। बच्चों की मुस्कान ही राष्ट्र की खुशहाली का आधार है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे आने का आह्वान किया।

गारमेंट एसोसिएशन के चेयरमैन नजम हमराज ने कहा कि 500 बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की यह पहल खुशहाल कानपुर के लक्ष्य की ओर एक सार्थक कदम है। वहीं, वरिष्ठ उद्यमी विजय कपूर ने कहा कि व्यापार की वास्तविक सार्थकता तब है, जब उसका लाभ समाज तक पहुंचे और लोगों के जीवन में खुशियां लेकर आए।

कानपुर सुपर 100 के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि कानपुर की पहचान केवल औद्योगिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि खुशियों और मानवीय संवेदनाओं से भरे शहर के रूप में भी स्थापित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों के साझा प्रयासों से शहर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

उद्यमी बलराम नरूला एवं विमल झाझरिया ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक खुशियां पहुंचाना ही इस तरह के आयोजनों का मूल उद्देश्य है। उत्तर प्रदेश गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गोरे ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा समाज के साथ खड़ा रहा है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के संयोजक मोहम्मद आरिफ मार्टिन एवं शाहिद कामरान ने बताया कि ‘उपहार से मुस्कान’ अभियान को निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में सहसंयोजक के रूप में अखिल त्यागी एवं विवेक मिश्रा ने जिम्मेदारी निभाई। मंच संचालन बिरजू एवं अवलि मिश्रा ने किया। अतिथियों का स्वागत सीमा निगम एवं मुकेश अग्रवाल ने किया, जबकि राजेश ग्रोवर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य बृजमोहन सिंह, गुलशन धूपर, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रतन श्रीवास्तव, डॉ. उमेश पालीवाल, पी.सी. अग्निहोत्री, अनिल गुप्ता, मीडिया प्रभारी दिनेश वार्ष्णेय, राजेश आहूजा, डॉ. आर.के. निरंजन, डॉ. शरद बाजपेयी, प्रवीण अग्रवाल, अबरार अली, डॉ. अवध दुबे, रोचक रोहतगी, डॉ. अमरनाथ कश्यप, महेंद्र सिंह, डॉ. हेमंत मोहन, हिमांशु राय, जावेद अजीम, संदीप शुक्ला, मनोज अग्रवाल एवं मंजीत ठुकराल सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

‘उपहार से मुस्कान’ कार्यक्रम ने सामाजिक सहभागिता, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए यह संकल्प दोहराया कि जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के लिए सामूहिक प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments