HomeNEWSफिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के खिलाफ IMA कानपुर का विरोध,...

फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के खिलाफ IMA कानपुर का विरोध, डॉक्टरों के चित्रण पर जताई आपत्ति

आपातकालीन आम सभा में फिल्म से कथित आपत्तिजनक दृश्य हटाने और निर्माता से माफी की मांग, उत्तर प्रदेश में रिलीज पर रोक लगाने की अपील

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर शाखा की आपातकालीन आम सभा आईएमए भवन, ‘टेंपल ऑफ सर्विस’, 37/7 परेड, कानपुर में आयोजित की गई। बैठक में फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के कुछ दृश्यों में चिकित्सक समुदाय के कथित आपत्तिजनक चित्रण और भाषा को लेकर गहरी आपत्ति जताई गई। सदस्यों ने इस तरह के चित्रण से समाज पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर चर्चा करते हुए संबंधित दृश्यों और संवादों को हटाने की मांग की।

आईएमए कानपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि चिकित्सक समुदाय मानव जीवन की रक्षा और जनस्वास्थ्य की सेवा के लिए निरंतर समर्पित रहता है। ऐसे में किसी फिल्म या अन्य माध्यम से पूरे चिकित्सक समुदाय को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करने से डॉक्टरों की सामाजिक प्रतिष्ठा और चिकित्सक-मरीज के बीच विश्वास का संबंध प्रभावित हो सकता है। सदस्यों ने कहा कि रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और तथ्यों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना भी जरूरी है।

आपातकालीन आम सभा में एसोसिएशन ने मांग की कि फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ से डॉक्टरों के खिलाफ कथित अपमानजनक दृश्यों और संवादों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही फिल्म के निर्माता चिकित्सा समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। एसोसिएशन ने संबंधित YouTube वीडियो को भी हटाने की मांग उठाई।

आईएमए कानपुर ने उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि फिल्म में चिकित्सक समुदाय के कथित आपत्तिजनक चित्रण को देखते हुए प्रदेश में इसकी रिलीज पर रोक लगाने के संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएं।

आम सभा के बाद आईएमए कानपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फिल्म के कथित आपत्तिजनक चित्रण के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान फिल्म के पोस्टर जलाकर तथा विरोध संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर सदस्यों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से चिकित्सक समुदाय की गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी का ध्यान रखने की मांग की।

आईएमए कानपुर ने मीडिया और आम जनता से अपील की कि चिकित्सा पेशे से जुड़े विषयों पर तथ्यपरक दृष्टिकोण अपनाएं तथा चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास एवं सम्मान के संबंध को बनाए रखने में सहयोग करें। एसोसिएशन ने कहा कि चिकित्सक समुदाय के सम्मान, प्रतिष्ठा और सुरक्षित कार्य वातावरण से जुड़े मुद्दों को उचित मंचों पर उठाना जारी रखा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments