कानपुर में अधिवक्ताओं ने लगाए नारे, बोले—सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा
हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट के खिलाफ कानपुर में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर उनसे माफी मांगने की मांग की। अधिवक्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वार से नारेबाजी करते हुए शताब्दी द्वार पहुंचे और वहां विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस अजय भनोट द्वारा कथित तौर पर दबाव बनाकर एक अधिवक्ता से पुलिस अधिकारी के समक्ष माफी मंगवाने की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले से कानपुर सहित देशभर के अधिवक्ताओं में नाराजगी है।

पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा जरूरी है। उनके मुताबिक, जस्टिस अजय भनोट का यह कृत्य पूरे अधिवक्ता समाज का अपमान है।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने जस्टिस अजय भनोट से अधिवक्ता समाज से तत्काल माफी मांगने की मांग की। इस दौरान उन्होंने अपनी एकजुटता जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में भानु द्विवेदी, सरोज उपाध्याय, शैलेश त्रिवेदी, राम नवल कुशवाहा, आनंद उपाध्याय, राजेश भारती, संजीव कपूर, मनीष यादव, विवेक पांडे, सुमन तिवारी, एन.के. कटियार, शिवम गंगवार और मोहम्मद इफ्तिखार सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।


