
फिनोलेक्स पाइप और मुकुल महादेव फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ कार्यक्रम
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फिक्की फ्लो कानपुर की ओर से साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत 20 बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम को फिनोलेक्स पाइप और मुकुल महादेव फाउंडेशन का सहयोग मिला।
इस अवसर पर फिक्की फ्लो कानपुर की चेयरपर्सन अंकिता गर्ग ने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनकी शिक्षा में सहयोग करना और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि बालिकाओं को सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। साइकिल वितरण जैसी पहल उनके दैनिक आवागमन को आसान बनाने के साथ शिक्षा के प्रति उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने में भी सहायक हो सकती है।
कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा वर्षनी, सुषमा सिंह, अनुराधा गुप्ता, रश्मि अग्रवाल और आरुषि टंडन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
फिक्की फ्लो कानपुर की ओर से बताया गया कि संस्था महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं के लिए जमीनी स्तर पर नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। साइकिल वितरण कार्यक्रम भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।


