
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस बल ने किया मार्च पास्ट, चेतना चौराहा, सरसैया घाट और महिला थाना होते हुए पुलिस कार्यालय पहुंचा मार्च; वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। भारत के लौह पुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर रघुबीर लाल ने पुलिस बल के मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मार्च पास्ट पुलिस कार्यालय से प्रारंभ होकर चेतना चौराहा, सरसैया घाट, महिला थाना एवं वीरेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम होते हुए पुनः पुलिस कार्यालय पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल ने अनुशासन और एकजुटता के साथ मार्च करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा एवं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेना रहा।
सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी जयंती पर आयोजित यह मार्च पास्ट राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और एकता की भावना को प्रदर्शित करने वाला रहा।


