एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों को पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने की उठाई मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की निर्मम हत्या के विरोध में कानपुर कचहरी परिसर स्थित अंबेडकर द्वार पर अधिवक्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा में बार काउंसिल चुनाव के प्रत्याशी रहे वरिष्ठ अधिवक्ता राम गौतम ने दिवंगत गयादीन अहिरवार के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गयादीन अहिरवार कालपी बार के अध्यक्ष होने के साथ-साथ दीवानी के प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे। वह पूर्व में भी कई बार बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके थे। उनका अपहरण कर जिस निर्मम तरीके से हत्या की गई, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। साथ ही दिवंगत अधिवक्ता के परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण फाइटर ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गयादीन अहिरवार की हत्या पूरे अधिवक्ता समाज की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि फरार हत्यारोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। इसके अलावा दिवंगत अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने दिवंगत गयादीन अहिरवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पं. रवीन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स, पंकज गौतम, बुद्ध सिंह, देवेंद्र शर्मा, पूजा गुप्ता, आनंद गौतम, सत्येंद्र राय, उत्तम गुप्ता, अजय द्विवेदी, रियाजुर रहमान, धर्मेंद्र भट्ट, आदित्य, साजिद खान, वीर जोशी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

