HomeNEWSदीपावली पर कानपुरवासियों को बड़ी राहत, सात दिन तक मुफ्त रहेंगी तीन...

दीपावली पर कानपुरवासियों को बड़ी राहत, सात दिन तक मुफ्त रहेंगी तीन मल्टीलेवल पार्किंग

सरैया आरओबी से होकर चलेंगी लखनऊ, हरदोई और रायबरेली रूट की बसें, शहर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों को जाम और पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत फूलबाग, परेड और पंचक्की स्थित तीन मल्टीलेवल पार्किंग सात दिनों तक निःशुल्क रहेंगी। वहीं, परेड के रामलीला मैदान में भी अस्थायी मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 नवंबर को सरैया आरओबी एवं सरैया क्रॉसिंग का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके बाद सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से लखनऊ, हरदोई और रायबरेली जाने वाली बसें सरैया आरओबी होकर संचालित होंगी।

शहर के अंदर नहीं आएंगी लंबी दूरी की बसें

यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आगरा, इटावा और गाजियाबाद से लखनऊ सहित अन्य शहरों की ओर जाने वाली बसों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। अब ये बसें शहर के अंदर प्रवेश करने के बजाय भौती, नौबस्ता फ्लाईओवर और रामादेवी होते हुए सीधे अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।

इस व्यवस्था से झकरकट्टी बस अड्डे और टाटमिल चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर भी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़क पर बसें खड़ी करने पर होगी कार्रवाई

झकरकट्टी बस अड्डे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बसों को परिसर के अंदर ही खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर बसें खड़ी करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, डग्गामार वाहनों के खिलाफ रोडवेज और पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी।

प्रमुख बाजारों से हटेगा अतिक्रमण

दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ और यातायात की समस्या को देखते हुए बड़ा चौराहा, परेड, विजयनगर, फजलगंज और कल्याणपुर सहित शहर के प्रमुख बाजारों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

बैठक में विजयनगर से डबल पुलिया तथा कंपनी बाग से रावतपुर मार्ग को शीघ्र मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।

प्रशासन के इन फैसलों से दीपावली के दौरान शहरवासियों और बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को पार्किंग एवं यातायात संबंधी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments