पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर और पत्नी नूतन पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

- अनुराधा सिंह
लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर पर फर्जीवाड़ा कर देवरिया में औद्योगिक प्लाट आवंटित कराने का आरोप लगा है। इस मामले में तालकटोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता संजय शर्मा, निवासी आवास विकास कालोनी तालकटोरा, ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि वर्ष 1999 में जब अमिताभ ठाकुर देवरिया के एसपी थे, तब उन्होंने अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए पत्नी नूतन ठाकुर को जिला उद्योग केंद्र से औद्योगिक प्लाट संख्या बी-2 का आवंटन कराया। आरोप यह भी है कि नूतन ठाकुर ने आवेदन के दौरान नाम और पता गलत दर्शाया, जिसमें पता खैरा, जिला सीतामढ़ी (बिहार) दर्ज किया गया।
तालकटोरा थानाध्यक्ष कुलदीप दुबे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने इस पूरे मामले को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। उन्होंने कहा, “यह एक सिविल वाद है जिसे आपराधिक रूप देकर पेश किया गया है। हमें पूरा विश्वास है कि हम निर्दोष साबित होंगे।”



