NEWSUttar Pradesh

कानपुर: राज्यपाल ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में एकलव्य क्रीड़ा संकुल का किया लोकार्पण

  • दीपक कुमार

कानपुर नगर। प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के परिसर में नवनिर्मित एकलव्य क्रीड़ा संकुल का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर कुलाधिपति ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से प्रातः और सायं दोनों समय खेलकूद में भाग लें और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी निरंतर जारी रखें। उन्होंने यह भी बताया कि बीमारियों से दूर रहने के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक है और छात्रों को मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग से दूर रहकर खेल के मैदान में अधिक समय व्यतीत करने की सलाह दी।

राज्यपाल ने कहा कि नकारात्मकता से दूर रहकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, जिससे न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे देश का नाम रोशन हो सके। उन्होंने विश्वविद्यालय की आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि इस क्रीड़ा संकुल का उपयोग आसपास के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी कराया जाए, ताकि अधिकाधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

कुलाधिपति ने शिक्षकों और कोचों को भी निर्देशित किया कि खेलों में महिलाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाए, क्योंकि सशक्त नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज का निर्माण कर सकती है। इसके अलावा, उन्होंने गरीब और प्रतिभावान खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

Related Articles

Back to top button