- अमन कुमार
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अरविंद यादव हत्याकांड को 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मामले का मास्टरमाइंड रिंकू यादव अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस अब तक दो महिलाओं समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि 5 आरोपी फरार हैं।
मुठभेड़ में ससुर-दामाद गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह ने बताया कि 8 सितंबर को भोंजला गांव के पास अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस और स्वॉट टीम को बीती रात सूचना मिली कि कुछ आरोपी लकारा पुलिया के पास मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने संजय यादव को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद संजय यादव, उसके ससुर मानसिंह और कमल सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए।
मास्टरमाइंड अब भी गायब
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी रिंकू यादव ने तीन साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी। घटना के समय अरविंद यादव अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी उनकी पत्नी के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अब तक हुई गिरफ्तारियां
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन यादव, अजीत कुमार, सुरेश कुमार, रिंकू यादव का बेटा राजा, इंदजीत, मिथुन की पत्नी रजनी, रेखा, अशोक कुमार, भंवर सिंह, कमल सिंह, मानसिंह और संजय यादव शामिल हैं।
फरार आरोपियों में रिंकू यादव, अनिल कुमार, राहुल, कैलाश और अमित कुमार के नाम सामने आए हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


