अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट बहाल, मंत्रालय ने कहा– निलंबन में सरकार की कोई भूमिका नहीं

- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट, जिसे शुक्रवार को कथित तौर पर निलंबित कर दिया गया था, अब बहाल कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सूत्रों ने बताया कि फेसबुक अकाउंट को ब्लॉक करने का निर्णय फेसबुक का स्वयं का निर्णय था, सरकार का इससे कोई संबंध नहीं था।
शनिवार सुबह अखिलेश यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट से समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की जयंती पर एक उद्धरण साझा किया। उन्होंने लिखा,
“संपूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य समाज के सबसे उत्पीड़ित व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखना है।”
सपा प्रवक्ता दीपक रंजन ने सोशल मीडिया पेज के निलंबन और बाद में बहाल होने की पुष्टि की। वहीं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि, “मुख्य प्रश्न यह है कि अकाउंट को निलंबित करने के पीछे कौन था? यह लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास था।”
सपा नेताओं ने पहले भाजपा सरकार पर आरोप लगाया था कि 80 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले पेज को निलंबित कर ‘हर विरोधी आवाज़ को दबाने’ की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह अकाउंट शुक्रवार शाम करीब छह बजे निलंबित किया गया था।
अखिलेश यादव अपने फेसबुक पेज के माध्यम से नियमित रूप से जनता से संवाद, सरकार की नीतियों की आलोचना और पार्टी की गतिविधियों को साझा करते हैं।
अकाउंट सस्पेंड होने के बाद सपा सांसद राजीव राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा,
“फेसबुक द्वारा भारत की संसद में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के नेता का अकाउंट ब्लॉक करना निंदनीय है। यदि यह सत्ताधारी दल के दबाव में हुआ है, तो यह लोकतंत्र पर हमला है।”
वहीं सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी ‘एक्स’ पर लिखा कि भाजपा सरकार ने देश में “अघोषित आपातकाल” जैसा माहौल बना दिया है।



