NEWS

‘जंगल राज से सुशासन और अब समृद्धि की ओर’ — बेगूसराय में पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा प्रहार

  • संगम झा

बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के बेगूसराय और समस्तीपुर में आयोजित जनसभाओं में विपक्षी महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने बिहार को ‘जंगल राज’ से निकालकर सुशासन की राह पर लाया है, और अब लक्ष्य है कि “सुशासन को समृद्धि में बदला जाए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमने जंगल राज को सुशासन में बदला, अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय आ गया है। मैं बिहार की समृद्धि के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। अक्टूबर 2005 में आपने जंगल राज को खत्म कर सुशासन को चुना था। आज फिर बिहार को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी आपके वोट की ताकत पर है।”

उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि “एक ओर परिपक्व नेतृत्व वाला एनडीए है, और दूसरी ओर स्वार्थ और भ्रष्टाचार में डूबा महागठबंधन।”

राजद पर सबसे तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “राजद बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इसके अधिकांश सदस्य अदालत से रिहा होकर जमानत पर बाहर हैं। राजद ने दो दशकों से कोई चुनाव नहीं जीता, लेकिन अहंकार इतना बढ़ गया कि झामुमो को गठबंधन से बाहर कर दिया। कांग्रेस पिछले 35 साल से राजद की अनुयायी बनी हुई है। इन पार्टियों का मकसद सिर्फ लूट है — पहले टिकट बेचते हैं, फिर घोटाले करते हैं।”

उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस दोनों परिवारवादी राजनीति के प्रतीक हैं। “राजद परिवार बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है और कांग्रेस परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार। दोनों के ज्यादातर सदस्य जमानत पर हैं। बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करेगा,” पीएम मोदी ने कहा।

बेगूसराय की सभा में प्रधानमंत्री मोदी को मखानों से बनी एक विशेष माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

समस्तीपुर की रैली में भी प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस को बिहार के युवाओं के भविष्य से ज्यादा अपने परिवार के राजनीतिक भविष्य की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल युवाओं को झूठे वादों से बहका रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा, “राजद के शासन में बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। रंगदारी, हत्या, फिरौती और अपहरण ने राज्य की पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, माताओं-बहनों और युवाओं को हुआ। उस दौर में पुलिस थानों के दरवाजे कमजोर वर्गों के लिए बंद कर दिए गए थे।”

प्रधानमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि बिहार को एक बार फिर सुशासन से समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए एनडीए को समर्थन दें।

Related Articles

Back to top button