
अयोध्या में नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बांटे नियुक्ति-पत्र, THR कॉफी टेबल बुक का विमोचन और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
- मनीष कुमार
अयोध्या। ‘सशक्त नारी, सुरक्षित बचपन, समर्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि समेत महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को ₹8,000 से बढ़ाकर ₹12,000 प्रतिमाह करने की घोषणा की। इस निर्णय से प्रदेश की बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर टेक होम राशन (THR) पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि का अंतरण किया गया।

कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों तथा पोषण, शिक्षा और महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा माउंट एवरेस्ट बेस कैंप अभियान पूरा करने वाली बालिकाओं को भी सम्मानित कर उनके साहस और उपलब्धि की सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और बाल पोषण को प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए ‘सशक्त नारी, सुरक्षित बचपन और समर्थ उत्तर प्रदेश’ का संदेश दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को उनके सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


