HomeNEWS‘Reducing Traffic Congestion’ योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक ने किया प्रमुख चौराहों...

‘Reducing Traffic Congestion’ योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक ने किया प्रमुख चौराहों का निरीक्षण

अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा संचालन और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने मंगलवार को ‘Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme’ के अंतर्गत शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने हैलेट अस्पताल मार्ग, गोल चौराहा, कार्डियोलॉजी मार्ग, रावतपुर तिराहा, मरियमपुर चौराहा, फजलगंज चौराहा और विजयनगर चौराहा का भ्रमण किया। इस दौरान यातायात संचालन, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो के संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख चौराहों और तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी तक ई-रिक्शा और ऑटो खड़े न होने दिए जाएं, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

डीसीपी ट्रैफिक ने विशेष रूप से हैलेट अस्पताल मार्ग और कार्डियोलॉजी मार्ग के आसपास मरीजों और तीमारदारों की अधिक आवाजाही को देखते हुए अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल क्षेत्रों में एम्बुलेंस और मरीजों के वाहनों का निर्बाध एवं त्वरित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुलिस उपायुक्त रवीन्द्र कुमार ने बताया कि ‘Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme’ का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments