त्योहारों से पहले पुलिस की सख्ती, पी रोड बाजार में पैदल गश्त

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आगामी पर्व होलिका दहन, होली और ईद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना सीसामऊ क्षेत्र में पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पी रोड बाजार सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अर्चना सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज अभिषेक राहुल, थाना प्रभारी सीसामऊ और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था परखी और दुकानदारों, व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच करने, भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।



