शिक्षक दिवस पर 81 शिक्षकों को सम्मान, ‘उद्गम’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ

- अनुराधा सिंह
लखनऊ। पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 81 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर 2,204 सरकारी माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरित किए और 1,236 स्कूलों में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में बाल कथाओं का संग्रह ‘गुल्लक’, शैक्षिक नवाचारों का संकलन ‘उद्गम’, और ‘बाल वाटिका हस्तपुस्तिका’ का विमोचन किया गया। साथ ही ‘उद्गम’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य शिक्षकों के नवाचार और शैक्षिक सामग्री को डिजिटल रूप में साझा करना है।
कार्यक्रम में कहा गया कि शिक्षा, सभ्य समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है और शिक्षक ईश्वर द्वारा प्रदान किए गए पथ प्रदर्शक हैं। आयोजकों ने विकसित भारत की आधारशिला को मजबूत करने वाले सभी शिक्षकों का हृदय से अभिनंदन और बधाई दी।



