HomeNEWSअखिलेश यादव का बड़ा हमला: भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार-अन्याय चरम पर, बूथ...

अखिलेश यादव का बड़ा हमला: भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार-अन्याय चरम पर, बूथ स्तर पर कल से शुरू होगा सपा का प्रचार

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला—भ्रष्टाचार, अन्याय और मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप; बोले- 2027 में सपा की सरकार बनना तय

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब समय कम बचा है और समाजवादी पार्टी का बूथ स्तर पर प्रचार अभियान कल से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। सपा के सभी जिलाध्यक्ष अगले दो सप्ताह में अपने-अपने जिलों में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और अन्याय को जनता के सामने उजागर करेंगे।

प्रदेश कार्यालय में जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा बूथ स्तर पर एप के माध्यम से काम कर रहे पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद भाजपा चुनाव से पहले एनुअल रिवीजन के जरिए मतदाता सूची में बदलाव की साजिश कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर विशेष नजर रखने और बूथ स्तर पर पूरी जिम्मेदारी से काम करने का आह्वान किया।

पीडीए के साथ भेदभाव का लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर पीडीए वर्ग के साथ भेदभाव और अन्याय का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था में भी पीडीए के लोगों के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस हिरासत में होने वाली मौतों और कथित फर्जी मुठभेड़ों के मामलों की जांच कराने की बात कही।

उन्होंने बदायूं और वाराणसी में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कथित फर्जी मुठभेड़ों की जांच कराई जाएगी।

एआई से वीडियो बनाने को लेकर भाजपा पर निशाना

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एआई के माध्यम से उनके खिलाफ वीडियो बनाए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह की गतिविधियों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति में विश्वास करती है और कार्यकर्ताओं से भी किसी के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो नहीं बनाने को कहा गया है।

महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी संपत्तियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सरकारी संपत्तियों की बिक्री को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद और उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि नौजवान रोजगार के लिए परेशान हैं।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार का मॉडल कमीशनखोरी और सरकारी संपत्तियों को बेचने पर आधारित है। जेपीएनआईसी, छतर मंजिल, किसान बाजार, बस अड्डे और अन्य संपत्तियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार से इन मामलों में जवाब मांगा।

बाढ़ और कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चित्रकूट और बांदा में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने प्रयागराज में जलभराव और बाढ़ को लेकर भी सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। साथ ही जातीय जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान मिलना चाहिए।

2027 में सरकार बनाने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में एक्सप्रेस-वे, एचसीएल और इकाना स्टेडियम जैसे विकास कार्य हुए। उन्होंने बदलती तकनीक के अनुरूप छात्रों के लिए भविष्य में भी नई योजनाएं लागू करने की बात कही।

उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और पीडीए के साथ सभी वर्गों को न्याय, हक और सम्मान दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments