
ICSE 10वीं और 12वीं के मेधावियों को लैपटॉप व आईपैड देकर बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य की कामना
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर जनपद में ICSE बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और आईपैड देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
कार्यक्रम के दौरान श्री यादव ने एचपी चिल्ड्रेंस एकेडमी, गोरखपुर की छात्रा अक्षिता गुप्ता को विशेष रूप से बधाई दी, जिन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे उत्तर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए 99.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।

इसी क्रम में ICSE 10वीं परीक्षा में सेंट जोसेफ हाईस्कूल के छात्र अनुज कसौधन ने 98.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में सेंट जोसेफ स्कूल, गोरखनाथ के छात्र अनमोल अग्रवाल और गौरांग भटेया ने 98.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी विद्यालय की अनुष्का यादव ने 97.25 प्रतिशत अंक हासिल किए।
अखिलेश यादव ने सभी मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र देश का भविष्य हैं, जिनकी मेहनत और लगन से समाज और राष्ट्र का नाम रोशन होता है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद दत्त शुक्ल एवं जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


