कार्य से विरत रहे अधिवक्ता, राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन; Advocates Protection Act लागू करने की उठाई मांग
- सति कुशवाहा
हमीरपुर। अधिवक्ताओं की सुरक्षा और उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर हमीरपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने बुधवार को कार्य से विरत रहकर शांतिपूर्ण हड़ताल की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एवं महामंत्री अश्वनी कुमार प्रजापति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के विरुद्ध पारित किए जा रहे प्रतिकूल आदेशों के संबंध में पुनर्विचार की प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में Advocates Protection Act को जल्द लागू करने के लिए आवश्यक विधायी कार्रवाई शुरू करने की मांग भी की गई। साथ ही न्यायालय परिसर और न्यायिक कार्य के दौरान अधिवक्ताओं के साथ होने वाली हिंसा, धमकी तथा उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी एवं कठोर कानूनी व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई।

बार एसोसिएशन ने कहा कि अधिवक्ताओं को अनावश्यक दबाव, भय और हस्तक्षेप से मुक्त सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं की गरिमा एवं स्वतंत्रता की रक्षा के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि अधिवक्ता समुदाय से संबंधित नीतिगत एवं प्रशासनिक निर्णय लेते समय बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से आवश्यक परामर्श किया जाए, ताकि अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय को भी शामिल किया जा सके।
बार एसोसिएशन ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। न्यायिक प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए अधिवक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वतंत्र वातावरण मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य को लेकर अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से कार्य से विरत रहकर अपनी मांगें शासन एवं प्रशासन के समक्ष रखीं।


