HomeNEWSअस्पताल शुरू न होने पर सपा नेता का धरना, हनुमान चालीसा का...

अस्पताल शुरू न होने पर सपा नेता का धरना, हनुमान चालीसा का किया पाठ

21 बुजुर्गों और क्षेत्रीय लोगों के साथ किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, अस्पताल जल्द शुरू कराने की उठाई मांग

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। कानपुर दक्षिण क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार अस्पताल के अब तक शुरू न होने को लेकर समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष द्विवेदी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल परिसर के मुख्य गेट पर धरना देते हुए 21 बुजुर्गों और क्षेत्रीय लोगों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई गई।

सुभाष द्विवेदी ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक इसे आम जनता के लिए शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी को अस्पताल के शुरू होने से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अस्पताल के संचालन में देरी के कारण लोगों को इलाज के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।

धरने के दौरान सुभाष द्विवेदी ने कहा कि उन्होंने भगवान हनुमान से प्रार्थना की कि अस्पताल के संचालन में जो भी बाधाएं हैं, वे दूर हों और संबंधित जिम्मेदार लोगों को सद्बुद्धि मिले, जिससे अस्पताल जल्द आम जनता के लिए शुरू हो सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल तैयार होने के बावजूद इसके उद्घाटन और संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल को जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सुभाष द्विवेदी ने कहा कि अस्पताल के शुरू होने से कानपुर दक्षिण के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल के संचालन में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की मांग की।

धरना एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप तिवारी, पूजा, श्वेता प्रजापति, आराधना मिश्रा, संध्या सिंह, आशीष दीक्षित, धीरज यादव, शरद यादव, अभिषेक पासवान, मोगली, शिवम, जय और रौनक सहित क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments