
ईको टीम सम्मानित, बच्चों के सवालों और जागरूकता से प्रभावित होकर अनूप मिश्र ने किया पुरस्कृत
गौरव मिश्रा
उन्नाव। उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, विकास क्षेत्र औरास एक बार फिर अपने नवाचारों के कारण चर्चा का केन्द्र बना, जब पर्यावरण उत्सव के अंतर्गत आयोजित पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा द्वारा संचालित “वृक्षजल कथा” एवं “बरगद बचाओ महाअभियान” ने पूरे विद्यालय को प्रकृति संरक्षण की जीवंत पाठशाला में बदल दिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों और समुदाय ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के स्थान पर माँ सरस्वती एवं बरगद के पौधे के पूजन से हुआ। अतिथियों ने पौधे में जल अर्पित कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर “बरगद बचाओ महाअभियान” की जनजागरण रैली को रवाना किया। “बरगद हम बचाएंगे, बरगद हम लगाएंगे” के नारों और संदेशात्मक तख्तियों के साथ निकली रैली ने विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण चेतना का संदेश फैलाया।
रैली के उपरांत आयोजित “वृक्षजल कथा” में वृक्ष, जल और जीवन के अटूट संबंध को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। लगभग एक सैकड़े की संख्या में उपस्थित बच्चों, शिक्षकों और अतिथियों ने कथा सुनकर प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पॉडकास्ट संवाद रहा, जिसमें वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र, शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा और बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर सार्थक चर्चा की। छात्राओं समरीन, अंकिता, दीपाली और शगुन ने जल संकट, वृक्षों की उपयोगिता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अनूप मिश्र ने प्रेरक उत्तर देते हुए बच्चों को प्रकृति का सच्चा प्रहरी बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में “मैं हूँ बरगद का मित्र” सेल्फी स्टैंड और “बरगद प्रहरी हस्ताक्षर अभियान” विशेष आकर्षण रहे। बच्चों, शिक्षकों और अतिथियों ने हस्ताक्षर कर बरगद संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र ने विद्यालय की ईको टीम को सम्मानित किया तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सक्रिय सहभागिता दिखाने वाले बच्चों को अपने हाथों से पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यालय इस प्रकार बच्चों को प्रकृति से जोड़े, तो पर्यावरण संरक्षण एक व्यापक जनआंदोलन बन सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने में योगदान के लिए शिक्षक इंद्रपाल को सम्मानित किया गया। वहीं प्रदीप कुमार वर्मा को “बरगद बचाओ महाअभियान” को अधिकाधिक विद्यालयों तक पहुँचाने तथा शिक्षक समाज को इस जनअभियान से जोड़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
अपने संबोधन में अनूप मिश्र ने विद्यालय की स्वच्छता, हरियाली और नवाचारों की सराहना करते हुए इसे जनपद का प्रेरणादायी मॉडल विद्यालय बताया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रदीप कुमार वर्मा ने किया। आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि जब शिक्षा, विज्ञान, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व एक साथ जुड़ते हैं, तब विद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त केन्द्र बन जाता है।


