अलविदा जुम्मा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, पुलिस आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। अलविदा जुम्मा की नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शहर के विभिन्न प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने मस्जिदों और आसपास के इलाकों में तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमाज के समय विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

पुलिस आयुक्त ने क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस बल को लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल, अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना, अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली सहित संबंधित थाना प्रभारी और पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।



