HomeNEWSगुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया हरित भविष्य का संदेश, ‘एक पेड़...

गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया हरित भविष्य का संदेश, ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान से लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

रामपुर गढ़ौवा विद्यालय में प्रकृति वंदन और गुरु वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने पौधरोपण कर हरित गाँव बनाने का लिया संकल्प

  • गौरव मिश्रा

उन्नाव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, औरास में ‘प्रकृति वंदन एवं गुरु वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत हरित भविष्य का संकल्प लिया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन ग्रीन एंड क्लीन यूपी अभियान के मुख्य सह-संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में किया गया। इस दौरान बच्चों ने “वृक्ष मेरा गुरु”, “मेरा पेड़–मेरी जिम्मेदारी” और “वृक्ष बिना कुछ माँगे हमें देना सिखाता है” जैसे संदेशों पर आधारित आकर्षक पोस्टर बनाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

विद्यार्थियों ने बताया कि वृक्ष भी गुरु की तरह निस्वार्थ भाव से दूसरों को जीवन देते हैं, धूप सहकर छाया प्रदान करते हैं और अपनी जड़ों से जुड़े रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इसी भावना के साथ विद्यालय परिसर में “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। गोल्ड मोहर, जामुन, पकड़िया और अमरूद के पौधे लगाकर बच्चों ने उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे लगाए गए पौधों को नियमित पानी देंगे, उनकी सुरक्षा करेंगे और पौधे से वृक्ष बनने तक उनकी जिम्मेदारी निभाएंगे। इस पहल को “एक बच्चा–एक पेड़–एक जिम्मेदारी” अभियान का स्वरूप दिया गया।

हाल ही में प्रभागीय वनाधिकारी उन्नाव द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के पर्यावरणीय प्रयासों की सराहना से उत्साहित बच्चों ने इस अभियान को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का संकल्प लिया। उन्होंने रामपुर गढ़ौवा को ‘हरित गाँव’ बनाने के लक्ष्य के साथ अपने परिवारों और ग्रामीणों को भी पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शशि देवी, इंद्रपाल, रमनजीत कौर एवं शाहे खुबा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments