HomeNEWSइटावा में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, महिला सुरक्षा और आरक्षण...

इटावा में अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, महिला सुरक्षा और आरक्षण पर उठाए सवाल

कहा—महिलाएं असुरक्षित, जातीय जनगणना से ही मिलेगा वंचितों को अधिकार और सम्मान

  • अभिषेक कुमार

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा शासन में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे बलात्कार, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया।

बृहस्पतिवार को इटावा में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आरक्षण ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और संरक्षण की भी आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी नारी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के खिलाफ काम कर रही है और समाजवादी पार्टी के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है।

जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इसकी समर्थक है, जबकि भाजपा इससे बचना चाहती है। उनके अनुसार, जातीय जनगणना से शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान मिल सकेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिए गए आरक्षण के प्रावधानों को सही तरीके से लागू नहीं कर रही और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वहां भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी और ममता बनर्जी एक बार फिर भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगी।

इटावा के विकास को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि क्षेत्र के विकास को रोका जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भू-माफियाओं द्वारा जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है और नदियों व जंगलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा।

इस दौरान अखिलेश यादव चकरनगर स्थित श्री रामकृष्ण परम धाम में आयोजित 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं भागवत कथा में भी शामिल हुए और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि धर्म का मार्ग न्याय और खुशहाली का मार्ग है, जो किसी के साथ भेदभाव नहीं करता।

अखिलेश यादव ने कहा कि एक समय इटावा का क्षेत्र बेहद दुर्गम माना जाता था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां व्यापक विकास हुआ। सड़कों और पुलों का निर्माण हुआ तथा एम्बुलेंस और डायल 100 जैसी सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments