77 फ्रिज और 40 एसी लूटकांड का पर्दाफाश, 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार; कंटेनर समेत करोड़ों का माल बरामद
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। उन्नाव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रक चालक को घायल कर कंटेनर में लदे महंगे घरेलू उपकरण लूटने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल, कंटेनर और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने सुनियोजित तरीके से ट्रक चालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था और उसके बाद कंटेनर में लदे गोदरेज कंपनी के फ्रिज और एयर कंडीशनर लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पूरे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक कंटेनर, गोदरेज कंपनी के 40 स्प्लिट एसी (40 इंडोर बॉक्स एवं 40 आउटडोर बॉक्स) तथा 47 फ्रिज बरामद किए हैं। कुल मिलाकर 127 बॉक्स बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी और लूट के माल की बिक्री के लिए गिरोह किन-किन लोगों और नेटवर्क का इस्तेमाल करता था।
उन्नाव पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से न केवल एक बड़े लूटकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि ऐसे आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश भी गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


