
कानपुर देहात पुलिस लाइन में एएसपी आलोक प्रसाद एवं सीएमओ डॉ. जय गोविंद की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस परिवार की महिलाओं एवं पात्र लाभार्थियों को इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। समय पर टीकाकरण कराकर इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उपस्थित लोगों को टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ एवं आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने लोगों से अपील की कि पात्र बालिकाएं एवं महिलाएं समय पर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
शिविर के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।


