HomeNEWSएडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कन्नौज में पुलिस कार्यालय का किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था...

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कन्नौज में पुलिस कार्यालय का किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा

अधिकारियों, व्यापारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

समय टुडे डेस्क।

कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद कन्नौज के भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं अभिलेखीय व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक शाखा, वाचक कार्यालय, जनशिकायत प्रकोष्ठ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का अवलोकन किया गया तथा अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित संधारण और उनकी अद्यतन स्थिति का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं अभिलेखों की व्यवस्थित उपलब्धता पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीजी ने निर्देशित किया कि सभी अभिलेख समयानुसार अद्यतन रखे जाएं तथा कार्यालयीय कार्यों का निष्पादन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील निस्तारण पर विशेष बल दिया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला अपराधों की स्थिति, संवेदनशील प्रकरणों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। एडीजी ने अपराधों के प्रभावी नियंत्रण, महिला सुरक्षा, जनसुनवाई से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण तथा थाना स्तर पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।

अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों को निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे जनता का विश्वास और पुलिस की सकारात्मक छवि और अधिक सुदृढ़ हो।

भ्रमण के दौरान एडीजी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों के साथ भी बैठक की। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों एवं सुरक्षा संबंधी अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया। व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को बेहतर करने पर विशेष चर्चा हुई। व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसके उपरांत एडीजी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद स्थापित किया और जनहित एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि समाज में जागरूकता और सुरक्षा संबंधी संदेशों के प्रभावी प्रसार में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरीश चंदर, विनोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments