
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने आधुनिक कार्यस्थल और बेहतर आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सोमवार को जोनल कार्यालय में जीर्णोद्धार किए गए सभागार कक्ष का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा कार्यस्थल को अधिक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं कर्मचारी-अनुकूल बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उद्घाटन के दौरान एडीजी ने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता, दक्षता और पारदर्शिता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही इससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ता है, जिससे वे अधिक प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय न केवल कार्य संस्कृति को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जनहित से जुड़े कार्यों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन में भी सहायक होते हैं। ऐसे प्रयास पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम के दौरान जोनल कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवजीर्णोद्धारित सभागार के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बेहतर प्रशासनिक कार्य प्रणाली के लिए उपयोगी बताया।


