नमामि गंगे परिवार के तत्वावधान में आयोजित आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग, गूंजे हर-हर गंगे के जयकारे
- आशा चौधरी
मुरादनगर। नमामि गंगे परिवार, मुरादनगर के तत्वावधान में गंग नहर स्थित घाट पर शनिवार सायं आयोजित माँ गंगा की भव्य महाआरती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माँ गंगा का पूजन-अर्चन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया। दीपों की अलौकिक आभा, मंत्रोच्चार और “हर-हर गंगे, नमामि गंगे” के जयघोष से गंग नहर क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माँ गंगा से सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
नमामि गंगे परिवार के सदस्यों ने बताया कि गंग नहर, मुरादनगर में प्रत्येक बुधवार और शनिवार सायं 7 बजे नियमित रूप से माँ गंगा की महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने परिवार सहित माँ गंगा की आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा स्वच्छ और निर्मल गंगा के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और माँ गंगा के प्रति आस्था एवं श्रद्धा का संदेश दिया गया।
📍 स्थान: गंग नहर, मुरादनगर
🕖 समय: प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार, सायं 7:00 बजे
🙏 हर-हर गंगे! नमामि गंगे! 🙏


