HomeNEWSपुखरायां में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने किया संवाद,...

पुखरायां में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने किया संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर दिया गया जोर, लाभार्थियों को किया सम्मानित

  • आशीष तिवारी

कानपुर देहात। विधानसभा क्षेत्र भोगनीपुर के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पुखरायां में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान – सरकार आपके द्वार” के अंतर्गत “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया। वक्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर भी चर्चा की गई।

उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत आयोजित विशेष संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम “सरकार आपके द्वार” में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी सहभागिता करते हुए सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने की इस पहल को सराहनीय बताया।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पूनम दिवाकर, अध्यक्ष प्रतिनिधि करुणा शंकर दिवाकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं सभासद प्रमोद त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी दिग्विजय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभासद एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह से सेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments