हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की समीक्षा कर प्रभावी पुलिसिंग, जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी ने शनिवार को थाना चौबेपुर क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बाबा कुआं चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा पुलिस कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने चौकी पर उपलब्ध हिस्ट्रीशीटरों की सूची का सत्यापन किया तथा संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों एवं उनकी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही अपराध रजिस्टर, विभिन्न अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।

पुलिस उपायुक्त ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूत बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।


