चारागाह भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 750 वर्ग गज जमीन कब्जामुक्त

मौरंग-गिट्टी की अवैध दुकान ध्वस्त, 40 लाख की ग्राम सभा भूमि कराई गई मुक्त
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर।सदर तहसील अंतर्गत ग्राम पतरसा में ग्राम सभा की चारागाह भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 750 वर्ग गज जमीन कब्जामुक्त कराई।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 208 एवं 210 चारागाह के रूप में दर्ज हैं, जिनके एक हिस्से पर तीन व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर पक्की बाउंड्री बना ली गई थी। इतना ही नहीं, कब्जे वाली जमीन पर मौरंग-गिट्टी की दुकान भी संचालित की जा रही थी।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित सीमेंट की बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया और मौरंग-गिट्टी का कारोबार भी हटवा दिया। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
यह अभियान अनुभव सिंह (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर) के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की मौजूदगी में चलाया गया।
कार्रवाई के बाद जमीन को पुनः ग्राम सभा के नियंत्रण में दे दिया गया। अनुभव सिंह ने बताया कि सरकारी एवं ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



