नागरिकों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, शिकायतकर्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कार्यालय में जन-सुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई एवं समाधान से अवगत कराया जाए।
पुलिस उपायुक्त ने जन-सुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उनके बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।


