7 दिन का अल्टीमेटम, समस्या दूर न होने पर एफआईआर और काम रुकवाने की चेतावनी
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। लगातार हो रही बारिश से गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में उत्पन्न जलभराव की समस्या को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और नगर निगम की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि जनता की परेशानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक और नगर आयुक्त देवकी सिनेमा परिसर पहुंचे, जहां मुख्य नाला क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुसता मिला। स्थिति देखकर विधायक ने मौके पर ही मेट्रो परियोजना के अधिकारियों को बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मेट्रो अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर जलभराव और सीवर की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो मेट्रो निर्माण कार्य रुकवाने के साथ संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को परेशानी देकर विकास कार्य स्वीकार नहीं किए जा सकते।
मेट्रो अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए सात दिन का समय मांगा, जिस पर विधायक ने अंतिम अल्टीमेटम देते हुए कहा कि कार्य की प्रतिदिन निगरानी की जाएगी। उन्होंने स्थानीय पार्षद नीरज बाजपेई को रोजाना प्रगति की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि मेट्रो परियोजना का वह विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन जनता की सुविधा सर्वोपरि है। यदि आवश्यकता पड़ी तो मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला लाकर कार्रवाई कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, जल संस्थान, मेट्रो परियोजना के अधिकारी, स्थानीय पार्षद, व्यापारी, दुकानदार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


