
अखिलेश यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित कर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने में उनके योगदान को किया याद
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष रामशरण दास गुर्जर की 99वीं जयंती पर पार्टी के राज्य मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि रामशरण दास गुर्जर ने अपना पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए समर्पित किया। वे कर्मठ, निष्ठावान और संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता थे तथा नेताजी के हर संघर्ष में उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी के विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अखिलेश यादव ने बताया कि रामशरण दास गुर्जर लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, दो बार विधायक, चार बार विधान परिषद सदस्य, योजना आयोग के उपाध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में सांसद देवेश शाक्य, सांसद रूचिवीरा, विधायक अजीत कठेरिया, पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला, प्रभु दयाल वाल्मीकि, मनोज चौधरी, राजेश प्रताप राव ‘बंटी’, नाहिद लारी, चौधरी संजीव गुर्जर, विपिन त्यागी सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी रामशरण दास गुर्जर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


