राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकने और विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा की उठाई मांग
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा ने प्रदेशभर में मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में जिलाधिकारियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने विश्वविद्यालय की इमारतों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत जिला, महानगर और प्रदेश इकाइयों ने सभी जनपदों में ज्ञापन देकर कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे किसी भी निर्णय में विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।



ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा के केंद्रों को संरक्षित और सशक्त बनाया जाना चाहिए। विश्वविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विरुद्ध होने वाली कार्रवाई का सीधा प्रभाव वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ता है, इसलिए सरकार को इस विषय पर संवेदनशीलता और गंभीरता से विचार करना चाहिए।
समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारियों ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित न हो।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।


