भाजपा कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया देशभक्ति का संदेश
- नरेश राठौर
झांसी। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली विरासत तथा वीर क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान की अमिट पहचान है।
इसी भावना के साथ झांसी महानगर के वार्ड नंबर 49 में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में भाजपा झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने पार्टी के पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों के साथ सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
विधायक रवि शर्मा ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज अवश्य फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दें।
उन्होंने नागरिकों से तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए।


