डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बागेश्वर धाम में किए दर्शन, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से की भेंट

- अमन कुमार
छतरपुर (मध्य प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के ग्राम गढ़ा स्थित प्रसिद्ध सिद्ध स्थान बागेश्वर धाम पहुंचकर सपत्नीक भगवान श्री बागेश्वर बालाजी महाराज के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने धाम के पीठाधीश्वर और सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

बृजेश पाठक ने कहा कि आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जीवन सनातन धर्म की धर्मध्वजा को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। वे अपने प्रवचनों और सामाजिक कार्यों के माध्यम से सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बागेश्वर धाम की आध्यात्मिक परंपरा और यहां की आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान श्रद्धालुओं के लिए आस्था और प्रेरणा का केंद्र है, जहां देशभर से लोग दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं।



