डीसीपी सेंट्रल ने काकादेव थाने का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं व कानून-व्यवस्था की ली समीक्षा

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 17 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा थाना काकादेव का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना स्तर पर व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, समग्र व्यवस्था, पेयजल, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ पुलिस बैरक की स्थिति एवं कर्मचारियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
साथ ही आगंतुक कक्ष में बैठने की व्यवस्था, जनसुनवाई प्रक्रिया, आमजन से व्यवहार, महिला हेल्प डेस्क/मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। शिकायतों के निस्तारण और संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।

डीसीपी ने मालखाना एवं जब्त सामान के रख-रखाव, थाना अभिलेखों, रजिस्टरों, कंप्यूटर कक्ष में ऑनलाइन कार्य की स्थिति तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त शस्त्रागार में रखे शस्त्र-कारतूस, दंगा-रोधी उपकरणों की तैयारियों, लंबित प्रार्थना-पत्रों, विवेचनाओं, गश्त व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान अतुल कुमार श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए थाना कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।



