त्योहारों को लेकर सेंट्रल जोन में पैदल गश्त, अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी होली, होलिका दहन, ईद तथा रमजान माह को देखते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 19 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्रीमती अर्चना सिंह के नेतृत्व में थाना चमनगंज, बजरिया और कर्नलगंज क्षेत्र में पैदल गश्त की गई।
गश्त के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सीसामऊ, थाना प्रभारी चमनगंज, थाना प्रभारी बजरिया सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यकतानुसार ड्यूटी व पिकेट ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान चमनगंज क्षेत्र स्थित तकाबी नमाज स्थल का भी निरीक्षण किया गया। रमजान माह में आगामी प्रथम जुमा को देखते हुए अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय गणमान्य नागरिकों और धर्मगुरुओं से संवाद कर सभी त्योहार आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।



