दिल्ली विस्फोट: अमित शाह ने जताया शोक, कहा – “शीर्ष एजेंसियां पूरी तत्परता से जांच में जुटीं”

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट में आठ लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हो गए। इस घटना के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विस्फोट में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि “देश की शीर्ष जांच एजेंसियां पूरी तत्परता से मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।”
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“दिल्ली में हुए विस्फोट में लोगों की मौत से मैं शब्दों में अपना दुख व्यक्त नहीं कर सकता। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैंने विस्फोट स्थल और अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
गृह मंत्री ने बताया कि एनएसजी, एनआईए, दिल्ली पुलिस, एफएसएल और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।
मंगलवार को होगी उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह मंगलवार सुबह 11 बजे अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो प्रमुख तपन डेका, एनआईए प्रमुख सदानंद वसंत दाते और दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा शामिल होंगे।
जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़ेंगे।
बैठक में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट की जांच की प्रगति, सुरक्षा स्थिति और संभावित आतंकी कोणों पर चर्चा होगी।
लश्कर-ए-तैयबा लिंक की जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े संगठन ने ली बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, उसका संबंध जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से हो सकता है। कार कथित रूप से पुलवामा निवासी के नाम पर पंजीकृत थी।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति को कार पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करते और निकलते हुए देखा गया है। जांच में यह भी सामने आया कि संदिग्ध उस समय अकेला था।
राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा, कई इलाकों में छापेमारी
लाल किले के बाहर हुए विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज, दरियागंज और आसपास के इलाकों में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया।
कई होटलों के रजिस्टरों की जांच की गई और चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मंगलवार सुबह फिर से घटनास्थल पर पहुंची और अतिरिक्त सबूत एकत्र किए। एनआईए और एनएसजी विशेषज्ञ विस्फोटक पदार्थ की प्रकृति का विश्लेषण कर रहे हैं।
यूएपीए के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस घटना के संबंध में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), विस्फोटक अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। लगभग 200 से अधिक पुलिसकर्मी सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक जताया और कहा,
“दिल्ली में हुए विस्फोट में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”



